68,500 शिक्षक अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री के आवास का किया घेराव
लखनऊ,17 नवम्बर अक्टूबर 2026 (यूएनएस)। 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में हुई कथित आरक्षण विसंगति को दूर कर न्याय दिए जाने की मांग को लेकर पिछले 78 दिनों से लगातार आंदोलनरत अभ्यर्थियों का सब्र मंगलवार को जवाब दे गया। सुबह करीब 11 बजे प्रदेश के विभिन्न जिलों से राजधानी पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं अपना दल (एस) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष पटेल के आवास पर पहुंचकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आवास के बाहर एकत्र होकर जमकर नारेबाजी की और अपनी लंबित मांगों को तत्काल पूरा करने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘आशीष भैया बाहर आओ, पिछड़ों की हालत देख कर जाओ, आशीष भैया अपना वादा निभाओ’, ‘हक हमारा, आरक्षण हमारा’ और ‘आरक्षण लेकर रहेंगे’ जैसे गगनभेदी नारे लगाए। अभ्यर्थियों का आरोप है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के साथ गंभीर आरक्षण विसंगति हुई है। इस प्रकरण पर राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग तथा विधान परिषद की संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति ने स्पष्ट आदेश दिया है कि ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षित श्रेणी में शामिल करते हुए परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और विसंगति के लिए जिम्मेदार दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके बावजूद आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने बताया कि लगभग 10 दिन पहले भी अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री आशीष पटेल से मुलाकात की थी, जिस पर उन्होंने दीपावली तक सकारात्मक परिणाम सामने आने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अब तक कोई शासनादेश जारी नहीं हुआ है। आंदोलन के सह-नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आरक्षण विसंगति का मामला स्वीकार किया गया था और इसके समाधान के लिए मुख्यमंत्री या कैबिनेट स्तर पर निर्णय होना है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। धरना प्रभारी नवीन चैधरी ने कहा कि अभ्यर्थी 78 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे हैं और इसी उम्मीद में दीपावली, भैयादूज तथा छठ जैसे प्रमुख त्योहार भी धरना स्थल पर ही मनाने को मजबूर हुए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस दौरान मंत्री के आवास पर मौजूद कार्यालय प्रभारी ने प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को बताया कि कैबिनेट मंत्री फिलहाल लखनऊ से बाहर हैं और उनके राजधानी लौटने पर 68,500 शिक्षक भर्ती के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कराकर मामले के समाधान का प्रयास किया जाएगा। इसके पश्चात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर अभ्यर्थियों को बसों में बैठाया और वापस धरना स्थल इको गार्डन भेज दिया। इस प्रदर्शन में रंजना जायसवाल, विनोद प्रजापति, सुमन यादव, कृपा शंकर, अजय मावी, पूनम, त्रिलोकी गुप्ता, नवीन रूहेला, अनस, सच्चिदानंद, राम प्रवेश, शिवकुमार और आरिफ शेख सहित सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल रहे।


