सपा में पहले चाचा-भतीजे तय कर लें कि दलित दमदार हैं या मूर्ख: चिराग

सपा में पहले चाचा-भतीजे तय कर लें कि दलित दमदार हैं या मूर्ख: चिराग

लखनऊ,17 नवम्बर अक्टूबर 2026 (यूएनएस)। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को लखनऊ में कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सहमति से लिया गया है। हालांकि, पार्टी किस गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी या अकेले लड़ेगी, इस पर अभी निर्णय नहीं हुआ है। फिलहाल संगठन मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने पर जोर है। चिराग ने बताया कि दिसंबर से पार्टी प्रदेश में ‘चैखट-चैखट चिराग’ कार्यक्रम शुरू करेगी। इसके तहत अलग-अलग जिलों में रोड शो होंगे और कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार की जिम्मेदारी अरुण भारती को दी गई है। हाल ही में प्रयागराज में ‘यूथ बोले’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसके जरिए युवाओं की समस्याएं और उनकी आवाज सुनने का प्रयास किया जा रहा है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन के सवाल पर चिराग ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इसका उत्तर प्रदेश में कोई खास असर पड़ेगा। उनके मुताबिक, जनता स्थिर सरकार चाहती है और उसके सामने एनडीए और इंडिया गठबंधन दो विकल्प हैं। उन्होंने कहा कि तीसरा मोर्चा अक्सर वोट काटने का काम करता है, लेकिन उसे इसका फायदा नहीं मिलता। चिराग ने कहा कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपनी पार्टी के विस्तार पर है। गठबंधन में कौन रहेगा और कौन नहीं, यह सामूहिक फैसला होता है। कोई एक दल अकेले इस पर निर्णय नहीं ले सकता। सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर को लेकर उन्होंने कहा कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं। बिहार में उनके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है, क्योंकि उस समय वह अपने गठबंधन और चुनाव में व्यस्त थे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दलित दमदार बयान पर चिराग ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सपा को दलितों की याद आ रही है, जबकि उनकी सरकार में दलितों के खिलाफ उत्पीड़न हुआ। उन्होंने कहा, सपा में पहले चाचा-भतीजे तय कर लें कि दलित दमदार हैं या मूर्ख। चिराग ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि आजादी के चार दशक बाद तक संसद में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर क्यों नहीं लगी थी। उन्होंने कहा कि पहली बार वीपी सिंह की सरकार में संसद में बाबा साहब की तस्वीर लगाई गई थी। उस समय रामविलास पासवान मंत्री थे। चिराग ने सपा पर राम मंदिर के न्योते पर अयोध्या नहीं जाने और राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वाले दल के साथ गठबंधन करने को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि सपा को शायद भ्रम है कि लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी उसे फायदा मिलेगा। लोकसभा चुनाव में एक नैरेटिव बनाया गया था, लेकिन विधानसभा चुनाव में राजनीतिक परिस्थितियां अलग होंगी। उन्होंने कहा कि उनके पिता रामविलास पासवान का उत्तर प्रदेश से विशेष लगाव था। उन्होंने उस समय भी यूपी से चुनाव लड़ा था, जब प्रदेश में पार्टी का संगठन मजबूत नहीं था। अब पार्टी युवाओं के समर्थन से प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।