देवदूत वानर सेना का लखनऊ में 22 नवंबर को महासम्मेलन
लखनऊ,17 नवम्बर अक्टूबर 2026 (यूएनएस)। जरूरतमंदों की मदद के लिए देशभर में सक्रिय देवदूत वानर सेना के सदस्य 22 नवंबर को लखनऊ में जुटेंगे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हॉल में संस्था की ओर से महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। सम्मेलन में सेवा कार्यों में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। हजरतगंज स्थित यूपी प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री विवेक सिंह तन्हा ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान वर्ष 2020 में जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से अभियान शुरू किया गया था। सोशल मीडिया के जरिए मानवता और सहयोग का संदेश फैलाया गया। धीरे-धीरे देशभर से लाखों लोग इस मुहिम से जुड़ गए। महासम्मेलन के जरिए सभी सदस्यों को एक मंच पर मिलने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। इसमें दिल्ली, गुजरात, बिहार और मुंबई समेत कई राज्यों के पदाधिकारी और स्वयंसेवक शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि संस्था के संस्थापक अजीत प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में अभियान आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2022 में संस्था का पंजीकरण कराया गया। इसका मूल मंत्र कम्युनिटी हेल्पिंग कम्युनिटी यानी समुदाय द्वारा समुदाय की मदद करना है। संस्था की ओर से जरूरतमंदों को चिकित्सा सहायता, रक्त और प्लेटलेट्स उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों की पढ़ाई, बेटियों के विवाह और आपदा के समय राहत पहुंचाने का काम भी किया जाता है। संस्था का दावा है कि अब तक करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा चुकी है। महिला देवदूत मानव सेवा की प्रदेश अध्यक्ष कुमकुम पांडे ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जरूरतमंदों की मदद के लिए सामूहिक प्रयास करना है। कार्यक्रम में सेवा कार्यों में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। कुछ जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़ा हर व्यक्ति इस आयोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


