नियुक्ति की मांग पर अभ्यर्थियों ने केजीएमयू में प्रशासनिक भवन-घेरा
लखनऊ,17 नवम्बर अक्टूबर 2026 (यूएनएस)। केजीएमयू में नियुक्ति की मांग को लेकर चयनित अभ्यर्थियों ने मंगलवार को प्रशासनिक भवन का घेराव किया। अभ्यर्थी वर्ष 2024 में नॉन-टीचिंग पदों पर निकली भर्ती में चयनित हुए थे। उनका आरोप है कि चयन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के कई महीने बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है। अभ्यर्थियों ने जल्द नियुक्ति पत्र जारी कर जॉइनिंग कराने की मांग की। उनका कहना था कि प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान मौके पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर ने अभ्यर्थियों को शांत कराने का प्रयास किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को अनुशासन बनाए रखने की नसीहत भी दी। मौके पर पहुंचे चीफ प्रॉक्टर ने छात्रों से कहा, आप लोग केजीएमयू में ही जॉइन कर रहे हैं न। इस तरह रास्ता ब्लॉक करना ठीक नहीं है। आपको यहीं जॉइन करना है। डिसिप्लिन भी तो जरूरी है। साल 2024 में जारी भर्ती विज्ञापन संख्या 230,2024 के तहत 332 पदों पर सीधी भर्ती निकाली गई थी। इसे दो चरणों में पूरा किया गया। पहले चरण में 207 और दूसरे चरण में 125 पद शामिल थे। पहले चरण के कुछ पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि दूसरे चरण के अभ्यर्थी करीब पांच महीने से नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे हैं। दूसरे चरण में नौ तरह के पदों के लिए 3 अप्रैल 2026 को लिखित परीक्षा हुई थी। अभ्यर्थियों के अनुसार, 17 अप्रैल को इसका परिणाम जारी किया गया। इनमें टेक्निकल ऑफिसर मेडिकल परफ्यूजन, टेक्नीशियन रेडियोथेरेपी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, जूनियर मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, टेक्नीशियन न्यूक्लियर मेडिसिन, टेक्नीशियन ग्रेड-2 डेंटल, मेडिकल सोशल सर्विस ऑफिसर ग्रेड-2, रिसेप्शनिस्ट और असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर के पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 20 और 21 मई 2026 को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की तारीख तय की गई थी। इसके बाद 11 जून को दूसरी कॉल का नोटिस जारी हुआ और 12 जून को अभ्यर्थियों को क्ट के लिए बुलाया गया। इसके बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं।


