मुख्यमंत्री योगी "ऋषि और कृषि के बीच सेतु का कार्य करती हैं गोमाता"
विजय कुमार निगम
मथुरा:- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ऋषि और कृषि प्रधान है और इन दोनों परंपराओं के बीच सेतु का काम हमारी गोमाता करती है। उन्होंने कहा कि गोमाता के होने मात्र से कोई भी क्षेत्र तीर्थ बन जाता है। मुख्यमंत्री मंगलवार को बरसाना स्थित मान माता गोशाला परिसर में पद्मश्री से सम्मानित ब्रह्मलीन संत रमेश बाबा जी महाराज के त्रयोदशी कार्यक्रम में उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संत रमेश बाबा की समाधि पर पुष्प अर्पित किए व गोपाष्टमी के पर्व पर आश्रम में विधि-विधान गोपूजा भी की। मुख्यमंत्री ने ब्रज की संस्कृति तथा पर्यावरण संरक्षण में संत रमेश बाबा के अमूल्य योगदान को भी याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा में गोमाता का विशेष महत्व है। हमारी सनातन संस्कृति ऋषि प्रधान होने के साथ कृषि प्रधान भी है। ऋषि परंपरा और कृषि परंपरा के बीच सेतु का काम गोमाता करती हैं। गाय, बछड़ा, बछिया और बैल सभी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि परंपरा से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि गोसेवा और गोवंश का संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और कृषि परंपरा को सहेजने का भी माध्यम है। संत रमेश बाबा ने अपने जीवन में इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए समाज को प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रमेश बाबा के त्रयोदशी कार्यक्रम के अवसर पर उन्हें यहां उपस्थित होना था। उस समय उन्हें बताया गया कि यहां निःशुल्क डायलिसिस यूनिट का उद्घाटन भी करना है। संत के शिष्यों और अनुयायियों ने 12 यूनिट के निःशुल्क डायलिसिस सुविधा केंद्र की स्थापना कराई है। उन्होंने इसे लोककल्याण की भावना से किया गया महत्वपूर्ण कार्य बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का जीवन हमें सिखाता है कि व्यक्ति स्वयं भले ही अभाव में रहे, लेकिन अपने प्रत्येक कार्य को लोककल्याण के लिए समर्पित कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने मान माता गोशाला और आसपास के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब दस वर्ष पहले जब उन्हें यहां आने का अवसर मिला था, तब इस क्षेत्र में सूखी पहाड़ियां दिखाई देती थीं। आज यहां चारों ओर हरियाली नजर आती है। गोमाता की सेवा और संरक्षण के प्रयासों ने पूरे क्षेत्र को तीर्थस्थल का स्वरूप प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि गोशाला ट्रस्ट के माध्यम से हजारों गायों की देखभाल की जा रही है। संत रमेश बाबा ने पहले भी यहां विभिन्न सेवा प्रकल्पों की चर्चा की थी। उन्हें प्रसन्नता है कि उनके संकल्पों के अनुरूप ये कार्य आज धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। इस पवित्र स्थल का आध्यात्मिक वातावरण और हरियाली यहां हुए कार्यों की सफलता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा की संत रमेश बाबा मान मंदिर सेवा संस्थान के संस्थापक और ब्रज के आदरणीय संत थे। उन्होंने अपना जीवन ब्रजभूमि की सेवा, गोसेवा, पहाड़ियों और कुंडों के संरक्षण तथा यमुना नदी की शुद्धि के लिए समर्पित किया। उनके कार्यों ने ब्रज की सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति और गोवंश के संरक्षण के लिए समाज को प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने संत रमेश बाबा की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके सभी शिष्यों और अनुयायियों से उनके लोककल्याणकारी संकल्पों को आगे बढ़ाने की अपील की।


