बिश्नोई गिरोह से जुड़े वकील की सुरक्षा पर निर्देश, बुलेटप्रूफ वाहन देने से किया इनकार

बिश्नोई गिरोह से जुड़े वकील की सुरक्षा पर निर्देश, बुलेटप्रूफ वाहन देने से किया इनकार

 

नयी दिल्ली दिल्ली की एक अदालत ने तिहाड़ जेल के अधिकारियों को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील दीपक नंदा की जेल में और बाहर ले जाए जाने के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अदालत ने अधिकारियों को नंदा को जेल में रोहित गोदारा गिरोह के सदस्यों से अलग रखने का निर्देश दिया लेकिन उसने वकील को जेल से बाहर ले जाते समय बुलेटप्रूफ वाहन एवं विशेष सशस्त्र कमांडो की सुरक्षा मुहैया कराने का अनुरोध खारिज कर दिया। रोहित गोदारा वह गैंगस्टर है जिसने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। माना जाता है कि वह अमेरिका से अपना गिरोह संचालित कर रहा है। विशेष न्यायाधीश किरण बंसल ने नंदा की याचिका की सुनवाई की। दीपक खत्री के नाम से भी जाने जाने वाले नंदा दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। यह प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत संगठित अपराध, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न अपराधों एवं शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत दर्ज की गई थी। नंदा ने अपनी याचिका में जेल प्राधिकारियों को ये निर्देश दिए जाने का अनुरोध किया था कि श्श्किसी भी उद्देश्य से जेल से बाहर ले जाते समय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अपनी आवाजाही के लिए विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले कैदियों की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी या सशस्त्र कमांडो और बुलेटप्रूफ वाहन अथवा बुलेटप्रूफ जेल वैन उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया था। याचिका के अनुसार, 24 फरवरी 2026 को रोहित गोदारा गिरोह के सदस्यों ने मरघट वाले बाबा मंदिर के बाहर नंदा पर हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने उस कार पर गोलियां चलाई थीं, जिसमें नंदा अपने दोस्तों के साथ यात्रा कर रहे थे। इस घटना में कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया था। इसके बाद कश्मीरी गेट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। याचिका के अनुसार, नंदा ने इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था, जिसने इस साल 17 अप्रैल के आदेश में उन्हें एक निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) उपलब्ध कराया था। याचिका में दावा किया गया कि पुलिस और जेल के खुफिया विभाग अच्छी तरह जानते हैं कि नंदा की जान को गंभीर खतरा है। इसमें कहा गया कि उनकी मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है, बुलेटप्रूफ नहीं है और स्वचालित हथियारों से आसानी से भेदी जा सकती है। अदालत ने 19 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि उसने पहले संबंधित प्राधिकारियों से जवाब मांगा था। जांच अधिकारी (आईओ) ने अपने जवाब में कहा कि न्यायिक हिरासत और कैदियों को एक स्थान से दूसरे स्थान ले जाने के दौरान उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी जेल अधिकारियों तथा न्यायिक अभिरक्षा वाहिनी (एनएवी) की है। एनएवी दिल्ली पुलिस की वह इकाई है, जो कैदियों को अदालत लाने और वापस जेल ले जाने का काम करती है। अदालत ने कहा कि तिहाड़ जेल के उपाधीक्षक के अनुसार, नंदा को एक अलग वार्ड में रखा गया है और कर्मचारियों को चैबीसों घंटे निगरानी करने के साथ अतिरिक्त सतर्कता बरतने एवं सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस की तीसरी बटालियन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने बताया कि न्यायिक अभिरक्षा वाहिनी, दिल्ली सशस्त्र पुलिस (डीएपी) और स्वयं विचाराधीन कैदी (यूटीपी) नंदा के माध्यम से उनकी सुरक्षा को संभावित खतरे का आकलन किया गया। अदालत ने कहा कि पुलिस उपायुक्त के अनुसार, आकलन में पाया गया कि हिरासत के दौरान विचाराधीन कैदी के जीवन और सुरक्षा को किसी विश्वसनीय या विशेष खतरे का पता नहीं चला है इसलिए आवेदक या आरोपी को कोई विशेष सुविधा नहीं दी जा सकती। अदालत ने कहा, हवालात और जेल के प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे विचाराधीन कैदी को हवालात से अदालत और जेल से अस्पताल ले जाते समय सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी मुहैया कराएं। साथ ही, उसे रोहित गोदारा गिरोह और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के विरोधी गिरोहों के सदस्यों से अलग रखा जाए। अदालत ने अपने आदेश में कहा, दाखिल किए गए जवाबों के मद्देनजर निर्देश दिया जाता है कि आरोपी या आवेदक (नंदा) को किसी भी उद्देश्य से जेल से बाहर ले जाते समय और जेल में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि जब तक नंदा को व्यक्तिगत रूप से पेश करने का विशेष आदेश न दिया जाए, तब तक उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अदालत में पेश किया जाए। अदालत ने कहा, इसके अलावा, उन्हें रोहित गोदारा गिरोह के सदस्यों से अलग रखा जाए। जेल अधीक्षक आरोपी या आवेदक के वारंट पर संभावित खतरे और खतरा पैदा करने वाले विचाराधीन कैदियों के नाम दर्ज कर सकते हैं। वारंट वह दस्तावेज होता है, जिसके आधार पर किसी कैदी को हिरासत में रखने की अनुमति मिलती है। यह दस्तावेज कैदी को जेल, हवालात और अदालत के बीच ले जाते समय उसके साथ रहता है। नंदा की विशेष मांगों पर अदालत ने कहा कि संबंधित एजेंसियों की ओर से दाखिल जवाबों के मद्देनजर इस संबंध में किसी अतिरिक्त निर्देश की आवश्यकता नहीं है।