हनुमानगढ़ी में माथा टेक रामलला के दरबार पहुंचे सीएम योगी, प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआ

हनुमानगढ़ी में माथा टेक रामलला के दरबार पहुंचे सीएम योगी, प्रदेश की खुशहाली की मांगी दुआ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी पहुंचे। रामकथा पार्क स्थित हेलीपैड पर आगमन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यहां से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे। उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री योगी अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू होने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रामनगरी पहुंचे थे।

रामलला के चरणों में किया साष्टांग दंडवत

हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के दर्शन किए। मंदिर में साष्टांग दंडवत होकर प्रभु के चरणों में शीश नवाया और देश-प्रदेशवासियों के कल्याण, सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और आमजन का मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। दर्शन-पूजन के समय श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

सरयू कमला एक्सप्रेस का हुआ शुभारंभ

अयोध्या धाम एवं जनकपुर धाम के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ऐतिहासिक रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है।