तीन साल बाद फिर बने MI के कप्तान, आया रोहित शर्मा का पहला रिएक्शन; जानिए क्या कहा

तीन साल बाद फिर बने MI के कप्तान, आया रोहित शर्मा का पहला रिएक्शन; जानिए क्या कहा

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी है। मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शुक्रवार को इसकी घोषणा की। रोहित शर्मा तीन साल बाद कप्तान के तौर पर वापस लौटे हैं। रोहित ने एक बार फिर टीम कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने के बाद अपनी प्रतिक्रिया भी दी है।

फ्रेंचाइजी की तरफ से रोहित शर्मा का बयान जारी किया गया है। रोहित शर्मा ने कहा कि मैं 20वें सीजन में एक बार फिर टीम को जश्न मनाने का मौका देने के लिए भी तैयार हूं।

आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार: रोहित शर्मा

रोहित शर्मा ने कहा कि मुंबई इंडियंस मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा से बहुत गर्व रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।

रोहित ने कहा कि मैं 20वें सीजन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हूं और अपनी ‘पलटन’ को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा ध्यान अपने अंदाज़ में क्रिकेट खेलने एक साथ मिलकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।

मुंबई इंडियंस ने रोहित की कप्तानी में जीते हैं पांच खिताब

रोहित शर्मा की कप्तानी में ही मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। मुंबई इंडियंस ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में रोहित की कप्तानी में आईपीएल का खिताब जीता था। 2023 में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस की टीम ने कप्तानी में बदलाव किया था। हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान बनाया गया था। हालांकि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई की टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। पिछले तीन सीजन में मुंबई की टीम सिर्फ एक बार प्लेऑफ में जगह बना सकी।