पेंशन अटकने से बचाना है तो 30 नवंबर तक पूरा करें यह काम, 1 दिसंबर से नए NPS नियम होंगे लागू
पेंशनभोगियों और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जुड़े निवेशकों के लिए आने वाले कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। केद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए सालाना जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 तय है, जबकि 1 दिसंबर 2026 से NPS स्कीमों से जुड़े नए नियम भी लागू होने जा रहे हैं।
समय पर प्रक्रिया पूरी न करने पर पेंशन भुगतान में देरी या रुकावट का सामना करना पड़ सकता है।
30 नवंबर है लाइफ सर्टिफिकेट की डेडलाइन
केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को अपनी मासिक पेंशन निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए 30 नवंबर 2026 तक अपना सालाना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य है। यदि कोई पेंशनर तय समय सीमा तक प्रमाण पत्र जमा नहीं करता है, तो 1 दिसंबर से उसकी पेंशन रुक सकती है या उसके भुगतान में देरी हो सकती है।
पेंशनर्स की सुविधा के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के डिजिटल विकल्प भी उपलब्ध हैं। इसे जीवन प्रमाण ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक से घर बैठे आसानी से जमा किया जा सकता है।
इसके अलावा बैंक, डाकघर या पोस्टमैन की डोरस्टेप सेवा का उपयोग करके भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
1 दिसंबर से लागू होंगे NPS के नए नियम
पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA) के निर्देशों के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से नेशनल पेंशन सिस्टम में कई अहम बदलाव लागू होंगे:
स्कीमों के नाम और कैटेगरी: NPS स्कीमों के नामों से A से E तक के कैटेगरी कोड हटा दिए जाएंगे। साथ ही विज्ञापनों और अन्य सार्वजनिक सामग्री में स्कीम के नाम के साथ उसकी पूरी कैटेगरी या ग्रोथ कैटेगरी दर्शाना जरूरी होगा।
तुलना होगी आसान: PoP, NPS सेंट्रल और CRA प्लेटफॉर्म पर निवेशकों को उनकी चुनी हुई कैटेगरी और जोखिम (रिस्क) के हिसाब से सभी पेंशन फंडों की स्कीमें प्रदर्शित करनी होंगी, जिससे निवेशकों के लिए योजनाओं की तुलना करना आसान हो सके।
नॉमिनेशन के नियम: MSF स्कीमों के लिए एक समान नॉमिनेशन प्रक्रिया और तय फॉर्मेट लागू किया जाएगा।


