मुंबई इंडियंस 8वीं बार पहला मैच हारी, पर टेंशन नहीं, जानें क्यों?

मुंबई इंडियंस की हार के बाद निराश कप्तान रोहित शर्मा।
चेन्नै के हाथों मुंबई इंडियंस की हार के बाद निराश कप्तान रोहित शर्मा।

अबु धाबी। आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस लगातार 8वीं बार अपना पहला मैच हारी है, लेकिन उसके समर्थकों को टेंशन नहीं होनी चाहिए। यह हम नहीं कह रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि पहला मैच हारना मुंबई इंडियंस के लिए ज्यादा चिन्ता की बात इसलिए नहीं है, क्योंकि मुंबई इंडियन्स जिन आठ सालों में पहला मैच हार गयी है, उनमें से 4 वर्षों में ही उसने खिताब भी जीते हैं।

आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस को माना जाता है क्योंकि रोहित शर्मा की कप्तानी वाली इस टीम ने चार खिताब जीते हैं। शनिवार से शुरू हुए लीग के 13वें सीजन में मौजूदा विजेता के तौर पर उतरी मुंबई को हालांकि असफल शुरुआत मिली और चेन्नै सुपर किंग्स ने उसे पांच विकेटों से हरा दिया।

मुंबई इंडियंस के लिए नयी नहीं है हार

पहले मैच में ही पराजय मुंबई इंडियंसके लिए कोई नई बात नहीं है, बल्कि लगातार आठवीं बार है कि सीजन के पहले मैच में मुंबई को हार मिली हो। आठ में से दो बार तो उसे चेन्नै ने ही हराया है।

जारी रहा 2013 में शुरू हुआ सिलसिला

2013 से यह सिलसिला शुरू हुआ और 2020 तक बदस्तूर जारी है। 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बैगलोर ने मुंबई को उसके पहले मैच में दो रनों से हराया था।

2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई को 41 रनों से हराया था। 2015 में भी कोलकाता के हाथों मुंबई सात विकेट से हारी थी। 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने मुंबई पर नौ विकेट से जीत हासिल की थी। अगले साल भी सुपरजाएंट्स ने सात विकेट से मुंबई को हराया था।

अंबाती रायडू ने 71 रन बनाकर चेन्नै की जीत आसान बना दी।
अंबाती रायडू ने 71 रन बनाकर चेन्नै की जीत आसान बना दी।

2020 में भी नहीं बदली मुंबई इंडियंस की कहानी

2018 में लौटी चेन्नै ने पहले मैच में मुंबई को एक विकेट से मात दी और 2019 में भी दिल्ली कैपिटल्स ने रोहित की कप्तानी वाली टीम को 37 रनों से हरा दिया था। 2020 में भी कहानी नहीं बदली। धोनी की कप्तानी वाली चेन्नै ने फिर मुंबई को सीजन की शुरुआत जीत से नहीं करने दी।

इसलिए नहीं होनी चाहिए टेंशन

ये हालांकि नहीं भूलना चाहिए की इन आठ साल में ही मुंबई ने चार खिताब जीते हैं। वह पहली बार 2013 में आईपीएल विजेता बनी और फिर 2015, 2017, 2019 में भी आईपीएल जीती।

Like us share us

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *